रायपुर :- छत्तीसगढ़ पुलिस और बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 19 अप्रैल 2026 को अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी में किया गया। इस कॉलोनी में करीब 1080 पुलिस परिवार निवासरत हैं, जिनकी महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित जांच की आवश्यकता को समझाना और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की धर्मपत्नी ज्योति गौतम और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा किया गया।
उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और प्रारंभिक अवस्था में रोगों की पहचान के महत्व पर जोर दिया। इस स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 महिलाओं का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 16 महिलाओं को आगे की जांच और उपचार के लिए बालको मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। वहीं 42 महिलाओं का चयन शोध कार्य के लिए किया गया और 13 महिलाओं को कैंसर से संबंधित जागरूकता परामर्श दिया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं, जिसमें डॉ. भावना सिरोही (मेडिकल डायरेक्टर एवं कैंसर विशेषज्ञ), डॉ. नीलिमा दास, डॉ. मनीष टावरी और डॉ. पायल पटेल शामिल रहीं। डॉक्टरों ने महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सलाह दी।
जांच सुविधाओं में पैप स्मीयर और मैमोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण जांच शामिल थीं। कुल 10 महिलाओं का पैप स्मीयर टेस्ट और 4 महिलाओं का मैमोग्राफी परीक्षण किया गया। इन जांचों के माध्यम से महिलाओं में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान करने का प्रयास किया गया। शिविर की खास बात यह रही कि इसमें राज्य की एकमात्र अत्याधुनिक कैंसर टेस्टिंग वैन को शामिल किया गया था। इस वैन के माध्यम से मौके पर ही कैंसर से जुड़ी जांचें संभव हो सकीं, जिससे महिलाओं को अलग से अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस ऑफिसर्स वाइफ्स एसोसिएशन की वरिष्ठ सदस्याओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और महिलाओं का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त नंदनी ठाकुर, सीमा अहिरवार और निलेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह शिविर पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को न केवल जांच सुविधा मिली बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm
About The Author









