अवैध कॉलोनियों में सुविधाएं उपलब्ध कराने शासन स्तर पर करेंगे पहल: दयानंद सोनकर
कार्यक्रम से कुछ भाजपा कांग्रेसी पार्षदों ने बनाई दूरी
अमलेश्वर। दुर्ग जिला अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि पूजन क्षेत्र के सांसद विजय बघेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पालिका प्रशासन द्वारा किया गया। जिसमें दुर्ग के सांसद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव के सुशासन और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव की दूरदर्शी सोच के चलते नगर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर पहल की जाएगी और इस विषय में मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में 35 नगरवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने कहा कि नगर के विकास के लिए पालिका संकल्पित है। उन्होंने अवैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में शासन स्तर पर प्रयास किए जाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने को लेकर असंतोष की स्थिति देखने को मिली। मुख्य अतिथि विजय बघेल एवं सुरेंद्र कौशिक के स्वागत के बाद पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर का जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा स्वागत नहीं किया गया। फिर बाद में मंचस्थित सभी अतिथियों का स्वागत पालिका प्रशासन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के कई पार्षदों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही।
भूमि पूजन के शिलालेख में प्रभारी पार्षदों के नाम नहीं होने से भी असंतोष सामने आया। सिर्फ लोक निर्माण विभाग प्रभारी पार्षद का ही नाम अंकित किया गया है।बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी बनी हुई है, जिसका प्रभाव इस कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। साथ ही नगर पालिका सीएमओ पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, पार्षद डॉ. आलोक पाल (लोक निर्माण विभाग प्रभारी), मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर तथा जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री कैलाश यादव, पार्षद राजू सोनकर, पार्षद खूबी राज सोनकर, पार्षद रामेश्वरी ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष रवि सिंगौर, सरपंच राजू साहू, सरपंच श्रीमती गायत्री साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष मधुकांता साहू, भाजपा नेता अजीत ठाकुर, फेरहा राम धीवर, सुमित टिकरिहा, कुलदीप,कुणाल वर्मा, कामता प्रसाद,मानुष कोसले, विकास सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोहित शर्मा ने किया।
About The Author









