रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रायपुर पश्चिम भाग द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और स्वतंत्रता के प्रति उनके अदम्य साहस को स्मरण करते हुए यह यात्रा गोगांव बाज़ार से प्रारंभ होकर दुर्गा चौक में समापन हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद डॉ. मोहन मनहरे ने अपने संबोधन में कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा केवल एक जननायक नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के गौरव और देश के स्वतंत्रता संघर्ष के सशक्त प्रतीक हैं। उनका जीवन युवाओं को संघर्ष और समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर ABVP रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों को खदेड़ने के लिए उलगुलान जैसा ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। आज की युवा पीढ़ी उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को आत्मसात करे—यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
पश्चिम भाग संयोजक सुनय बंगले ने अपने दो लाइन के वक्तव्य में कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष हमें समाज और राष्ट्र के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। ABVP लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभावना को सशक्त करता रहेगा।”
मशाल यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें, उनके आदर्शों पर चलने और समाज में जागरूकता फैलाने के नारे लगाए। पूरे आयोजन में युवाओं का उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
About The Author






