रायपुर :- थाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित बैरागी डेरा में ताश खेलने के पुराने विवाद को लेकर हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। घटना के मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी (24 वर्ष) को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में संलिप्त दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी जारी है।
मृतक देवेंद्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा (निवासी: कटोरा तालाब, रायपुर) पिछले एक वर्ष से बैरागी डेरा, सड्डू में अपनी मुंहबोली बहन के मकान में रह रहा था और खिलौनों का व्यवसाय करता था। 24 जुलाई की रात लगभग 11 बजे गौरा चौरा में शराब के नशे में आरोपी अर्जुन बैरागी और राजा के बीच गाली-गलौच और मारपीट हुई, जिसमें अर्जुन ने राजा को चाकू मार दिया। बाद में अर्जुन के भाई डाडो और साहिल ने भी हमला किया और तीनों फरार हो गए।
राजा बदला लेने के इरादे से हॉकी स्टिक लेकर अर्जुन के घर पहुंचा, तभी अर्जुन ने अपने घर की पहली मंजिल से एक भारी सीमेंट पोल का टुकड़ा राजा के सिर पर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल राजा को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रार्थी भागचंद चंदवानी की शिकायत पर थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 365/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण :-
नाम: अर्जुन बैरागी, पिता: गोकुल बैरागी, उम्र: 24 वर्ष, निवासी: बैरागी डेरा, सड्डू, कैपिटल सिटी, थाना विधानसभा, रायपुर।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी :- निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत (थाना प्रभारी विधानसभा), निरीक्षक परेश पांडे (प्रभारी, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट), उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्र.आर. पुष्पराज परिहार, आर. धनंजय गोस्वामी, अनिल राजपूत, गौरीशंकर साहू, व सउनि. विष्णु प्रसाद वर्मा।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm
About The Author






