
बीजापुर. बीजापुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान अभी तक जोर नहीं पकड़ पाया है। कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा विधायक विक्रम मंडावी के साथ एक बार जिले के मुख्य जगहों में अपना प्रचार अभियान शुरू कर दूसरे विधानसभा में रूख किये। कांग्रेस से क्षेत्रीय विधायक व अन्य कांग्रेसियों द्वारा लगातार चुनाव प्रचार अभियान जारी है। कांग्रेस प्रत्याशी के कवासी लखमा के पुत्र सुकमा के जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी गुरुवार को भैरमगढ़ ब्लाक एक दर्जन से ज्यादा गांव में चुनाव प्रचार कर अपने पिता को वोट देने की अपील की। हरीश कवासी के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, पार्वती कश्यप, संत कुमारी मंडावी व भैरमगढ़ के कांग्रेसी नेता साथ रहे। गुरुवार को ही विधायक विक्रम मंडावी ने भी कुटरू क्षेत्र में चुनावी बैठक लेकर कांग्रेस को वोट देने के लिए ग्रामीणों से कहा। शहरी क्षेत्र में कांग्रेस का प्रचार अभियान अभी कमजोर नजर आ रहा है।
नक्सली खौफ के चलते भाजपा नेताओं का प्रचार अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में कम देखने को मिल रहा है। शहर के अंदर भाजपा के कार्यकर्ताओं में अपने प्रत्याशी महेश कश्यप को जिताने के लिए जोश भरा हुआ है। बीजापुर में नगर भाजपा के वरिष्ठ नेता घासीराम नाग, जिलाराम राना के नेतृत्व में सभी वार्डों में बेनर, पोस्टर साथ लेकर प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा के युवाओं के द्वारा नगर में बाईक रैली निकाली गई। डोर टू डोर प्रचार किया जा रहा है। बीजापुर विधानसभा क्षेत्र में अभी तक कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा प्रचार कर लौट चुके हैं। भाजपा से बस्तर क्लस्टर प्रभारी महेश जैन के साथ संगठन महामंत्री शिवनारायण पांडे, जिला प्रभारी दीपक बाजपेई द्वारा बुथ लेबल से लेकर मंडल तथा जिला कार्यकताओं की बैठक लेकर चुनाव प्रचार में जुट जाने के कहा गया।