सुकमा। राजधानी रायपुर से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में छपे सरकारी नौकरी के नाम पर आदिवासी युवा हो रहे ठगी का शिकार, 3 माह पूर्व कलेक्टर से शिकायत जांच तक नहीं खबर की वस्तुस्थिति यह है कि उक्त खबर तथ्यों की पूरी पड़ताल किये बिना ही एकतरफा जारी किया गया है। जबकि उक्त शिकायत पर कलेक्टर द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। ज्ञात हो कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस हरीस द्वारा सम्बंधित विभाग के कर्मचारी श्री नवीन राणा को निर्वाचन के दौरान कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण 17 नवम्बर 2023 को निलम्बित किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री हरिस.एस द्वारा सम्बंधित निलम्बित कर्मचारी नवीन राणा को जारी आरोप पत्र का जवाब सन्तोषप्रद नहीं पाए जाने के कारण विगत 03 जनवरी 2024 को सम्बंधित निलम्बित कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित किये जाने के आदेश दिए गए हैं। उक्त विभागीय जांच के लिए लेखाधिकारी जिला पंचायत श्री प्रशांत प्रधान को विभागीय जांच अधिकारी तथा प्रभारी जिला अंकेक्षक पंचायत श्री टीआर मंडावी को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने इस मामले में पीडि़त युवाओं की शिकायत के मद्देनजर सम्बंधित प्रकरण की पूरी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिए गए हैं।





