रसोई गैस की कीमत 200 रुपये कम करने को लेकर बीजेपी और विपक्ष में बयानबाजी तेज हो गई. केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और बीजेपी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया तो वहीं विपक्ष ने इसे 2024 के लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए दावा किया कि ये चुनावी लॉलीपॉप है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा?
मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, ”जब वोट लगे घटने तो चुनावी तोहफे लगे बंटने! जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाली निर्दयी मोदी सरकार अब माताओं-बहनों से दिखावटी सद्भावना जता रही है.” उन्होंने कहा, ”साढ़े 9 सालों तक 400 रुपये का एलपीजी सिलेंडर 1100 में बेचकर आम आदमी की जिंदगी तबाह करते रहे तब कोई स्नेह भेंट की याद क्यों नहीं आई? बीजेपी सरकार ये जान लें कि 140 करोड़ भारतीयों को साढ़े 9 साल तड़पाने के बाद चुनावी लॉलीपॉप थमाने से काम नहीं चलेगा. आपके एक दशक के पाप नहीं धुलेंगे.”
खरगे ने आगे लिखा, ” बीजेपी लागू कमरतोड़ महंगाई का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस पार्टी पहली बार कई राज्यों में गरीबों के लिए केवल 500 रुपये का सिलेंडर करने वाली है. कई राज्य जैसे राजस्थान इसे लागू भी कर चुके हैं. मोदी सरकार ये जान लें कि 2024 में देश की परेशान जनता के गुस्से को 200 रुपये की सब्सिडी से कम नहीं किया जा सकता. विपक्षी गठबंधन INDIA से डर अच्छा है मोदी जी! जनता ने मन बना लिया है. महंगाई को मात देने के लिए बीजेपी को एग्जिट डोर दिखाना ही एकमात्र विकल्प है.”









