November 12, 2026

Blog

– ’हितवा संगवारी संस्था के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, जन्मदिन से लेकर पुण्यतिथि तक पौधारोपण कर प्रकृति के प्रति जगा रहे संवेदना’

दुर्ग, प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प जब जीवन का उद्देश्य बन जाए, तो छोटी-सी पहल भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायी सोच के साथ ग्राम डूंडेरा निवासी श्री रोम शंकर यादव अपनी संस्था ‘हितवा संगवारी’ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके लिए पौधारोपण केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि खुशियों को यादगार बनाने और अपनों की स्मृतियों को प्रकृति में जीवित रखने का एक भावनात्मक माध्यम है।
श्री रोम शंकर यादव और उनकी पूरी टीम ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की है। संस्था द्वारा बच्चों के जन्मदिन, किसी प्रियजन के निधन, पुण्यतिथि तथा महापुरुषों की जयंती जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण कराया जाता है। इस पहल के माध्यम से वे लोगों को यह संदेश दे रहे हैं कि खुशियों के अवसर हों या अपनों की यादें, हर मौके को प्रकृति के नाम किया जा सकता है। किसी बच्चे के जन्मदिन पर लगाया गया पौधा उसके साथ बढ़ता है, तो किसी दिवंगत प्रियजन की स्मृति में रोपा गया वृक्ष उनकी यादों को हरियाली के रूप में हमेशा जीवित रखता है।
श्री रोम शंकर यादव की यह पहल समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव विकसित करने का माध्यम बन रही है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के किसी न किसी खास अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण मिल सके। उनके इसी निस्वार्थ सामाजिक योगदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।
मुख्यमंत्री से मिले इस आत्मीय संदेश और प्रशंसा से अभिभूत श्री रोम शंकर यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन उनके लिए सम्मान के साथ-साथ नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। वे भविष्य में भी अपनी पूरी टीम के साथ पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। श्री रोम शंकर यादव की यह पहल हमें एक सुंदर संदेश देती है कि ’किसी की खुशी को पौधे के रूप में और किसी की स्मृति को वृक्ष के रूप में संजोया जा सकता है।’ क्योंकि एक पौधा लगाना केवल धरती को हरियाली देना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और उम्मीद बोना भी है।

error: Content is protected !!