November 24, 2026

Blog

बालोद: जिला मुख्यालय से सटे जंगल में भालू की दस्तक से शहरवासियों और छात्रों में डर का माहौल है. भालू को तांदुला जलाशय और गोंदली नहर के रास्ते बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग तक घूमते देखा गया. क्षेत्र के पास ही पर्यावरण पार्क, कॉलेज, हॉस्टल और जुर्री पारा बस्ती होने के कारण वन विभाग ने तत्काल अलर्ट जारी कर जंगल में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है. बालोद के रेंजर सरोज कुमार ने बताया कि भालू की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, उसे पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा.

जिला मुख्यालय से लगे वन क्षेत्र में भालू की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. जंगल से निकलकर एक भालू तांदुला जलाशय के किनारे घूमता हुआ नजर आया, जो बाद में गोंदली नहर के रास्ते बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग तक जा पहुंचा. इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने भालू की चहलकदमी का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया.

जिस जंगल और नहर क्षेत्र में भालू का मूवमेंट देखा गया है, वह स्थान शहर के बेहद करीब और संवेदनशील है. इस जंगल से ठीक लगा हुआ पर्यावरण पार्क है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए पहुंचते हैं. इसके अलावा इसके समीप ही महाविद्यालय और कई छात्र-छात्राओं के हॉस्टल स्थित हैं, जहां से विद्यार्थियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है. साथ ही इसी क्षेत्र से जुर्री पारा की घनी बस्ती भी लगी हुई है, जिससे भालू के रिहायशी इलाके में घुसने का खतरा बना हुआ है.

मुख्य सड़क और आबादी क्षेत्र के इतने नजदीक भालू देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई है. वन अमले ने एहतियात के तौर पर जुर्री पारा के रहवासियों, हॉस्टल के छात्रों और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. किसी भी अनहोनी को टालने के लिए विभाग ने आम लोगों के जंगल और पर्यावरण पार्क के अंदरूनी हिस्सों की ओर जाने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है और भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

error: Content is protected !!