November 21, 2026

Blog

मणिपुर। इंफाल।मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 से ज्यादा लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पिछले 2 से 3 दिनों में बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि इन सभी लोगों ने शराब का सेवन किया था। हालांकि, शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि प्रभावित लोगों ने शराब कहां से खरीदी थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसे मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। शुरुआती जांच में शराब में जहरीले केमिकल मेथनॉल की मिलावट होने की आशंका जताई गई है।
मामले में पुलिस अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में आशंका है कि शराब दूसरे इलाके से लाकर यहां बेची गई थी।
पुलिस अब शराब की सप्लाई चेन की जांच कर रही है और उन लोगों की तलाश में जुटी है, जिन्होंने कथित तौर पर यह शराब प्रभावित इलाके में पहुंचाई थी।
जहरीली शराब पीने के बाद बीमार हुए लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शिजा अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, अस्पताल के सभी बेड भर चुके हैं। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है।
2026 में 6 राज्यों में जहरीली शराब से 120 से ज्यादा मौतें
जहरीली शराब का मामला सिर्फ मणिपुर तक सीमित नहीं है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में मध्यप्रदेश और गुजरात समेत देश के 6 राज्यों में जहरीली शराब पीने से 120 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अवैध शराब की बिक्री और उसकी सप्लाई पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

error: Content is protected !!